उरई। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. अटल बिहारी बाजपेयी की अस्थियां पचनद में भी प्रवाहित की जायेगीं। रविवार को इसके लिए प्रशासन ने कंजौसा पहुंचकर पचनद के तीर पर विसर्जन स्थल का निरीक्षण किया।
पचनद में युग पुरुष भारत रत्न अटल बिहारी बाजपेयी की अस्थियां प्रवाहित करने के लिए लाई जा रही हैं। इसे देखते हुए माधौगढ़ के उप जिलाधिकारी ने पुलिस उपाधीक्षक और थानाध्यक्ष रामपुरा के साथ पचनद पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान भाजपा के मंडल संयोजक विजय द्विवेदी, वरिष्ठ नेता रामलखन औदीच्य पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रमोद सिंह सेंगर, जगम्मनपुर के प्रधान राहुल मिश्रा और भिटौरा के प्रधान वीर सिंह यादव आदि शामिल रहे। उप जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधान भिटौरा को निर्देशित किया कि वे पचनद के मंदिर से घाटों तक जाने के रास्तों को सुगम बनाने के लिए कदम उठायें। पुलिस उपाधीक्षक माधौगढ़ ने थानाध्यक्ष रामपुरा को नदी के किनारे बेरीकेटिंग करवाकर पानी में रस्सियां डलवाने और तैराकों की टोली को तैयार रखने की लिए निर्देशित किया। नगर पंचायत रामपुरा और ग्राम पंचायतों के सफाई कर्मियों के दस्तें ने घाटों की साफ-सफाई की।

Leave a comment