उरई,। कोचिंग पढ़ने के बाद एक निर्माणाधीन मकान के अंदर गपशप करने लगे तीन छात्र अचानक छज्जा और दीवार भरभराकर ऊपर गिर जाने से मलबे में दब गए जिसमें एक छात्र की मौत हो गई जबकि एक अन्य छात्र की भी हालत नाजुक है ।

घटना गुरुवार की शाम जालौन की आवास विकास कालोनी में हुई जब कस्बे के मोहल्ला खंडेराव निवासी बालकिशुन कुशवाहा का पुत्र मनीष (15वर्ष ) वहाँ कोचिंग पढ़ने गया था । मनीष सरस्वती विद्या मंदिर में हाई स्कूल का छात्र था । उसी कोचिंग में विवेकानंद इंटर कालेज के छात्र दीपेन्द्र पुत्र प्रदीप पटेल निवासी अकोडी हाल मुकाम देव नगर चौराहा और पिपराया थाना आटा निवासी कमलाकांत चंसौलिया का बेटा हिमांशु भी पढ़ने आते थे । वैसे हिमांशु विवेकानन्द इंटर कालेज के छात्रावास में ही रहता था । एक साथ कोचिंग पढ़ने के दौरान तीनों दोस्त हो गए थे ।

आज कोचिंग से निकालने के बाद तीनों पास में ही बन रहे रियाज के मकान के भीतर गपशप के लिए बैठ गए । यकायक जहाँ तीनों बैठे थे वहाँ छज्जा और दीवार ढह पड़े  जिसका मलबा उनके ऊपर गिर गया । इसमें दब कर मनीष की मौके पर ही मौत हो गई जबकि हिमांशु भी मरणासन्न हालत में पहुँच गया । अलबत्ता दीपेन्द्र मामूली चोटों के अलावा सुरक्षित है ।

मृतक मनीष के पिता के 2 बेटे थे । दूसरा उससे छोटा भाई रवि 10  वर्ष का है । उसकी मौत की खबर पहुँचते ही उसके घर में भीषण कोहराम मच गया । घटना का जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुँच गई थी ।

 

Leave a comment