उरई। देश की शीर्ष खुफिया एजेंसी राॅ के डिप्टी एसपी को दहेज उत्पीड़न के मामले में मंगलवार को स्थानीय अदालत ने हिरासत में लेकर जेल भेज दिया।
शहर के मोहल्ला गोपाल गंज निवासी रामरतन गुप्ता खरका के पुत्र राजा विशाल सिंह राॅ में डिप्टी एसपी के पद पर दिल्ली में कार्यरत हैं। 9 जुलाई 2013 को उनका विवाह शहर के जाने-माने ठेकेदार भरतलाल गुप्ता की पुत्री मीनाक्षी के साथ हुआ था। शुरूआत में तो सब ठीक-ठाक चला लेकिन इसके बाद राजा विशाल को जब राॅ में नियुक्ति मिल गई तो उनका और उनके परिजनों का रवैया मीनाक्षी के प्रति कठोर होने लगा। भरतलाल गुप्ता के अनुसार राजा विशाल को अच्छी नौकरी मिलने के बाद वे और उनके परिजन मीनाक्षी पर मायके से स्कार्पियो गाड़ी और तमाम नगदी की व्यवस्था कराने के लिए दबाब बनाने लगे। इतना ही नही उन्होंने मीनाक्षी को इस मांग को लेकर शारीरिक यातनाएं देनी भी शुरू कर दीं। अंततोगत्वा उत्पीड़न हद से पार कर जाने के बाद मीनाक्षी ने उनसे अपनी आप बीती सुनाई तो उन्होंने राजा विशाल और उसके पिता आदि को समझाने की कोशिश की। बिरादरी के कई अन्य लोगों ने भी उन्हें समझाया पर अतिरिक्त दहेज के लालच में उन्होंने किसी की भी सुनने से इंकार कर दिया। कोई चारा न देख 24 फरवरी 2016 को उन्होंने राजा विशाल उसके पिता रामरतन और मां गीता के खिलाफ आईपीसी व दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज करा दिया। इसी बीच राजा विशाल ने उच्च न्यायालय से इस मामले में अरेस्ट स्टे ले लिया। लेकिन पुलिस ने विवेचना में उन्हें दोषी मानते हुए जब उनके विरुद्ध आरोप पत्र दाखिल कर दिया तो अरेस्ट स्टे प्रभावहीन हो गया।
इसी दौरान गत 1 अक्टूबर 2018 को रामरतन और उनकी पत्नी गीता ने अदालत के सामने पेश होकर जमानत करा ली। जबकि राजा विशाल आज मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में उपस्थित हुआ। उसने भी जमानत की अर्जी लगाई थी लेकिन सीजेएम ने इसे खारिज कर दिया और न्यायिक अभिरक्षा में उसको जेल भिजवा दिया।






Leave a comment