उरई। बीटीसी संयुक्त प्रशिक्षु मोर्चा ने मंगलवार को मुख्य मार्ग पर प्रदर्शन करते हुए कलेक्ट्रेट में सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कलेक्ट्रेट गेट पर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखीं झड़पें भी हुईं।
बीटीसी-2015 के चतुर्थ सेमेस्टर की सोमवार को शुरू हुई परीक्षा पेपर लीक हो जाने की वजह से कल शाम को ही निरस्त कर दी गई। जिसकी वजह से आज की परीक्षा भी नही हुई। इसे लेकर बीटीसी प्रशिक्षुओं में बेचैनी फैल गई। उन्होंने प्रदर्शन निकालकर उग्र तेवर दिखाये।
प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि बीटीसी-2015 की चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा अगले सप्ताह तक पूर्ण करा ली जाये और यूपी टीईटी-2018 की परीक्षा दिसंबर माह में आयोजित कराई जाये। उन्होंने ध्यान दिलाया कि यूपी टीईटी-2018 का परीक्षाफल घोषित होने के पूर्व चतुर्थ सेमेस्टर का परीक्षाफल घोषित होना अनिवार्य है। ऐसा न होने पर 80 हजार प्रशिक्षुओं पर आगामी भर्ती से बाहर होने का खतरा पैदा हो जायेगा।
प्रदर्शनकारियों में सौरभ पटेल जिलाध्यक्ष, सुमित श्रीवास्तव झांसी मण्डल अध्यक्ष, वरुण प्रताप सिंह जिला उपाध्यक्ष, दीपेश यादव संरक्षक प्रमुख रूप से शामिल थे।

Leave a comment