उरई। रामपुरा ब्लाक के जगम्मनपुर स्थित साधन सहकारी समिति के सचिव द्वारा डीएपी की खाद की बिक्री में अधिक मूल्य वसूल कर लगभग 80 हजार रुपये की ठगी करने के मामले में कोई कार्रवाई न होने से किसानों में आक्रोश व्याप्त है। इस मामले में शीघ्र ही एक प्रतिनिधि मंडल जिलाधिकारी से मिलकर शिकायत दर्ज करायेगा।
ज्ञातव्य हो कि गुरुवार को उक्त सचिव ने हर बोरी पर 224 रुपये किसानों से अधिक वसूले थे जिसकी शिकायत क्षेत्रीय जनता ने विधायक मूलचंद तथा उच्चाधिकारियों से की थी। मामले के तूल पकड़ने पर सचिव महेंद्र कुशवाहा सोसाइटी भवन में ताला लगाकर रफूचक्कर हो गया। उसने अपने गुर्गे छोड़ दिये जो तेज-तर्रार किसानों का मुंह बंद कराने की व्यवस्था कराने में लग गये। चर्चा यह भी है कि सत्तापक्ष से जुड़े एक नेता ने धांधली करने वाले सचिव को अभयदान दे दिया है। जिससे उसके खिलाफ कार्रवाई नही हो पा रही है। आम किसानों में इसे लेकर जबर्दस्त क्षोभ और गुस्सा देखा जा रहा है।
इसके मददेनजर भाजपा के वरिष्ठ इलाकाई नेता विजय द्विवेदी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल जिला मुख्यालय पर पहुंचकर डीएम, एसपी से मिलेगा तांकि सचिव के खिलाफ एफआईआर कराई जा सके। इसकी रणनीति तैयार कर ली गई है।






Leave a comment