उरई। कुठौंद स्थित विकास खंड के सभागार में एसएचजी बैंक लिंकेज कार्यक्रम के तहत स्वयं सहायता समूहों को एक दिन के प्रशिक्षण का कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नाबार्ड के जिला प्रबंधक प्रकाश कुमार ने समूहों के सुचारू कार्य संचालन के लिए पांच सूत्रों की अनिवार्यता बताई। उन्होंने कहा कि समूह की नियमित बैठक होनी चाहिए। नियमित बचत और नियमित जरूरत के हिसाब से ऋण लिया जाये। ऋण की वापसी भी नियमित होनी चाहिए। लेन-देन को रजिस्टर में लिखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इन सूत्रों पर अमल से आदर्श समूह बनेगा।
उन्होंने अटल पेंशन योजना, फसल बीमा योजना और आयुष्मान भारत योजना के बारे में समूह की महिलाओं को विस्तार से बताया। खंड विकास अधिकारी लोकनाथ राजपूत ने बताया कि पंच सूत्र का पालन करने वाले समूह को एनआरएलएम द्वारा 15 हजार रुपये का रिवाॅल्विंग फंड भी दिया जाता है। जिसका सदुपयोग किये जाने पर 1 लाख 10 हजार रुपये की राशि सीआईएफ के रूप में उपलब्ध कराई जाती है। साथ ही समूह की महिलाओं को सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं में वरीयता दी जाती है।
सहायक विकास अधिकारी सांख्यिकीय अखिलेश शर्मा ने बताया कि पंच सूत्र के पालन में खरे समूह को राष्ट्रीय आजीविका मिशन की सभी योजनाओं का फायदा दिया जाता है। इस दौरान अंत्योदय लोक कल्याण सेवा समिति के आदित्य तिवारी ने बताया कि संस्था द्वारा अभी तक 18 समूहों के खाते बैंक में खुलवाये जा चुके हैं। इसके बाद 8 और समूहों का गठन किया जा चुका है। जिनका खाता बैंक में शीघ्र खुलवा लिया जायेगा। संचालन ब्लाक मिशन मैनेजर रवि यादव ने किया। मुख्य रूप से ज्योति द्विवेदी, पवन कुमार, पुष्पा देवी, अनीता सिंह सहित 97 महिलाएं उपस्थित रहीं।





Leave a comment