कालपी-उरई। तहसील क्षेत्र के 331 बूथों पर वोटर लिस्ट के पुनरीक्षण के लिए चलाये जा रहे अभियान की बुधवार को उप जिलाधिकारी सुनील कुमार शुक्ला की अध्यक्षता में हुई बैठक में सैक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ समीक्षा की गई। जिसमें महिलाओं की संख्या जेंडर रेसियो के मुताबिक न होने पर एसडीएम ने उन्हें आगाह किया।
तहसील सभागार में हुई बैठक में एसडीएम ने सैक्टर मजिस्ट्रेटों से कहा कि वे बूथ लेविल अफसरों को महिला मतदाताओं की तदाद बढ़ाने के लिए सचेत करें। उन्होंने कहा कि 1000 पुरुष मतदाताओं की तुलना में 865 से अधिक महिला मतदाताओं के नाम दर्ज होने चाहिए। यह जेंडर रेसियो मेंटेन किये जाने पर ही माना जायेगा कि ईमानदारी से काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जिन घरों में नई बहुएं आ चुकी हैं या जिन घरों में लड़कियों की उम्र 1 जनवरी 2019 तक 18 वर्ष पूरी होने जा रही है उनके नाम हर कीमत पर मतदाता सूची में दर्ज किये जायें। इसके लिए निर्धारित फार्म संख्या-6 भरकर जमा कराये जायें। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि दिव्यांग मतदाता का नाम किसी तरह न छुट पाये। यह भी तय किया गया कि सैक्टर मजिस्ट्रेट घूम-घूमकर पोलिंग बूथों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेगें।
तहसीलदार सालिकराम, नायब तहसीलदार भान सिंह, नगर पालिका के अधीशाषी अधिकारी सुशील कुमार दोहरे भी बैठक में मौजूद रहे।






Leave a comment