जालौन-उरई। विकास खंड क्षेत्र की ग्राम पंचायतों द्वारा जानवरों के लिए चारागाह और खेलों की जगह विकसित की जायेगी। इसे लेकर गुरुवार को एक बैठक खंड विकास कार्यालय में की गई। जिसमें प्रधान, लेखपाल व सचिव शामिल हुए।
खंड विकास कार्यालय के सभाकक्ष में बैठक उप जिलाधिकारी भैरपाल सिंह की अध्यक्षता में हुई। जिसमें खंड विकास अधिकारी और ब्लाक क्षेत्र की सभी 32 ग्राम पंचायतों के प्रधान और कुठौंद विकास खंड के एक दर्जन गांवों के प्रधान उपस्थित थे।
बैठक को संबोधित करते हुए उप जिलाधिकारी ने कहा कि ग्राम पंचायतों के अभिलेखों में जहां चारागाह अंकित है वहां आवारा जानवरों को रखने की व्यवस्था की जाये तांकि फसलों की सुरक्षा के लिए हलकान किसानों को राहत मिल सके।
इसी तरह युवाओं के लिए बालीबाल, कबडडी, फुटवाल, और क्रिकेट आदि खेलों के लिए अच्छी जगह बनाई जाये। खंड विकास अधिकारी ने इस दौरान कहा कि शासन के इस मामले में निर्देशों का पूरी निष्ठा से पालन होगा। चारागाह और खेलकूंद के लिए आरक्षित जमीनों से अतिक्रमण को हटवाया जायेगा। इस मौके पर लेखपाल अभय प्रताप, रोहित, रामकिशोर, पुष्पेंद्र शर्मा, महेंद्र, सचिव किरन रावत, मनीष कुमार, सतीश कुमार समेत कई प्रधान उपस्थित थे।







Leave a comment