जालौन-उरई। एडीओ पंचायत के कार्यालय में आकर दबंगों द्वारा रजिस्टर समेत सरकारी दस्तावेज  फाडऩे एवं अभद्रता करते हुए गालीगलौज किये जाने के मामले में कोतवाली पुलिस द्वारा 10 दिन बीत जाने के बाद भी कार्रवाई नहीं की गई है । कोतवाली पुलिस कार्य प्रणाली से परेशान एडीओ पंचायत ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र भेजकर रिपोर्ट दर्ज कराकर कार्रवाई कराए जाने की मांग की है।

क्षेत्र पंचायत कार्यालय  में एडीओ पंचायत रमाशंकर प्रजापति तैनात हैं। एडीओ पंचायत ने जिलाधिकारी को एक शिकायती पत्र भेजा है जिसके माध्यम से बताया है कि बीती 17 अक्टूबर को उनके कार्यालय में कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सिहारी पड़ैया निवासी संजय कुमार तिवारी व राजा भइया दोपहर लगभग साढ़े 12 बजे आए। इस दिन उनकी जन सूचना की अपील की तारीख थी। लेकिन उस दिन ग्राम सभा हीरापुर में खुली बैठक होने के कारण ग्राम विकास अधिकारी उपस्थित नहीं थी। जिसके चलते उन्हें जनसूचना उपलब्ध नहीं कराई जा सकी। और उन्हें जनसूचना के लिए एक नवंबर की तारीख निर्धारित की गई और उनसे रजिस्टर पर हस्ताक्षर करने के लिए कहा गया। लेकिन तभी संजय व राजा भइया भडक़ गए और उन्होंने हाथ में पकड़े रजिस्टर को छिनाकर उसे फाड़ दिया और अभ्रदता करते हुए गालीगलौज करने लगे तभी मौके पर ब्लॉक प्रमुख को आता देख दोनों जान से मारने की धमकी देकर वहां से भाग निकले। इस संबंध में उन्होंने सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने अभ्रदता करने के खिलाफ उन्होंने उसी दिन कोतवाली में तहरीर भी दी थी। लेकिन तबसे 10 दिन बीतने के बाद भी न तो कोतवाली पुलिस ने अभी तक उनकी रिपोर्ट दर्ज की है और न ही दबंगों के खिलाफ कोई कार्रवाई की है। एडीओ पंचायत ने जिलाधिकारी से मामले की जांच कराकर दबंगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने एवं दबंगों खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

 

 

Leave a comment