उरई । 31 अक्टूबर को लौहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता और अखंडता दिवस के रूप में मनायी जायेगी । इस उपलक्ष्य में आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा राष्ट्रीय एकीकरण समिति द्वारा जारी कर दी गई है ।
इसके तहत सुबह 8 बजे सर्वोदय इंटर कालेज में सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण , ध्वजारोहण और राष्ट्रगान होगा । इसी दौरान सभी बेसिक स्कूलों में बच्चों की प्रभातफेरी अपने क्षेत्र में निकाली जायेगी जबकि पूर्व माध्यमिक विद्यालय और इंटर कालेजों के छात्र , छात्राओं की रैली सर्वोदय इंटर कालेज से पीली कोठी स्थित पटेल पार्क तक निकाली जायेगी । इसके बाद सुबह 9 बजे नगर में स्थित महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण होगा । 10 बजे रामनगर स्थित पटेल पार्क में जिलाधिकारी डॉ मन्नान अख्तर के मुख्य आतिथ्य में सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि जनसभा आयोजित की जायेगी । अपरान्ह 1 बजे छात्र छात्राओं की भाषण प्रतियोगिता एवं सरदार पटेल के जीवनवृत्त पर फिल्म प्रदर्शन होगा ।
समेकित शिक्षा के समन्वयक शिवदीन चौधरी और बेसिक शिक्षाधिकारी राजेश शाही द्वारा 2 बजे जिला अस्पताल और महिला अस्पताल में मरीजों को फल वितरण और कुष्ठ रोगियों का परीक्षण कराया जायेगा । अपरान्ह 3 बजे जिला पंचायत सभागार में जिला पंचायत अध्यक्ष सुमन निरंजन की अध्यक्षता में राष्ट्रीय एकता और सांप्रदायिक सदभाव को बढ़ावा देने वाली विभूतियों का सम्मान किया जायेगा । शाम को साढ़े 6 बजे से झांसी रोड शांति नगर स्थित एच डी बोयज हॉस्टल में सांस्कृतिक कार्यक्रम और लोकगीत होंगे ।




Leave a comment