
उरई। गुरुवार को कालपी बस अड्डा के समीप आयोजित समारोह में यातायात जागरूकता माह का शुभारंभ करते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ अरविंद चतुर्वेदी ने कहा कि जीवन अमूल्य है और इसे वापस नहीं लौटाया जा सकता । इसलिये जीवन के साथ खिलवाड़ नहीं किया जाना चाहिये । उन्होने कहा कि अफ़सोस की बात है कि जितने लोग बीमारियों और लड़ाइयों में नहीं मरते उससे ज्यादा लोग वाहन चलाते समय लापरवाही बरतने की वजह से मारे जाते हैं ।
उन्होने अपने संबोधन में बताया कि वे एक साल यूरोप में रहे जहाँ उन्होने देखा कि संयुक्त राष्ट्र मिशन की उनकी गाड़ी से यातायात नियमों संबंधी कोई चूक होती थी तो नागरिक उनकी गाड़ी रोक लेते थे । उन्होने कहा कि अगर मोहल्ले का कोई लड़का 2 पहिया वाहन पर तीन लोग बिठाये है , हेलमेट नहीं लगाये है या रोंग साइड ड्रायव कर रहा है तो यूरोप की तरह उसे टोकने की आदत डालें । उन्होने कहा कि वाहन चलाते समय युवा स्टंटबाजी करने लगते हैं जिससे कई बार दुर्घटनाएँ हो जाती हैं । अभिभावक उन्हें अनुशासित करें । उन्होने कहा कि इस मामले में समाज जितना प्रभावी हो सकता है , पुलिस उतनी सफल नहीं हो सकती । उन्होने कहा कि शहर में 40 प्रतिशत वाहनों पर नंबर नहीं है । उन्होने इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए ऐसे वाहनों के ख़िलाफ़ अभियान चलाने की घोषणा की ।
सभा का संचालन इंजी. अजय इटौरिया ने किया । अपर पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र नाथ तिवारी और सहायक सम्भागीय प्रवर्तन अधिकारी सर्वेश कुमार सिंह ने यातायात सुरक्षा को ले कर कई टिप्स दिये । ट्रक ऑपरेटर एसोसिएशन के नेता अपना सगीर ,दीपक पाण्डेय , वैश्य एकता परिषद के जिलाध्यक्ष संतोष गुप्ता , शशि सिंह , युद्धवीर कंथरिया ,ओंकार सिंह ,मनोज कुमार श्रीवास्तव , आर के गुप्ता , रोहित विनायक ,अमित कुमार , रमाकांत गुप्ता , राघवेंद्र , स्वयंप्रभा आदि ने विचार व्यक्त करते हुए यातायात नियंत्रण के लिए कई सुझाव दिये ।




Leave a comment