
कालपी-उरई । बालू एंव गिट्टी से भरे ओवरलोड ट्रकों तथा वाहनों के परिवहन में रोक लगाने को लेकर भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के कार्यकर्ता शुक्रवार को हाइवे पर उतर पड़े। चैकिंग स्थल मे पहुंचे उपजिलाधिकारी ने जिलाध्यक्ष नरेंद्र द्विवेदी तथा कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई चल रही है। आज भी कदौरा रोड मे तीन गाड़ियों का चालान करके सवा लाख रुपये समन शुल्क वसूल किया गया है।

शुक्रवार की दोपहर मे झांसी – कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित गल्ला मंडी गेट के सामने भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष नरेंद्र द्विवेदी, लल्लू भैया मवई के नेतृत्व मे कार्यकर्ता इकट्ठा हो गये। हाइवे से गुजरने वाले गिट्टी तथा मौरम लदे ओवरलोड वाहनों की चैकिंग करने लगे। खबर के मुताबिक उपजिलाधिकारी एस.के. शुक्ला भी चैकिंग स्थल पर पहुंच गये। चैकिंग स्थल पर उपजिलाधिकारी को मांग पत्र सौपते हुये मोर्चा के जिलाध्यक्ष द्विवेदी ने बताया कि बालू तथा गिट्टी लदे ट्रकों के परिवहन के कारण सड़कें टूट रही है। मार्ग दुर्घटनाओ में तमाम लोगों की जानें जा रही है। बढ़ती मार्ग दुर्घटनाओ तथा लगातार टूट रही सड़कों को लेकर अब ज्यादा दिन अनदेखा नहीं किया जा सकता। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा है कि ओवरलोड वाहनों के आवागमन पर पूरी तरीके से नियंत्रण हो सके। इसके लिये अधिकारियों के सहयोग से कदम उठाए जा रहे हैं। मांग की है कि प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा एवं क्षेत्र की जनता अपेक्षा करती है कि ओवरलोड वाहनों के संचालन में पूर्णता रोक लगाई जाए। उन्होंने बताया कि अधिकारियों के सहयोग से 16 नवंबर से भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के कार्यकर्ता, क्षेत्रीय जनता तथा कृषक ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई कराने के लिये जुटेंगे। इस मौके पर मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह जादौन, जिला उपाध्यक्ष राजू सिंह गोरा, शिवाकांत मरगया, अमरदीप पांडेय, शेर सिंह परासन , भूरा सोनी, महेवा मंडल अध्यक्ष कमलेश सिंह, कदौरा मंडल के अध्यक्ष दुर्गेश सोनी, अटा गांव के प्रधान सत्यनारायण वर्मा, इटौरा मंडल के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार, सुरेश कुशवाहा इटौरा, उमेश शर्मा पंडोरा, जगदीश पाल कदौरा, कल्लू पंडित समेत दर्जनों कार्यकर्ता तथा किसान मौजूद रहे।






Leave a comment