जालौन। गांवों में क्वारंटीन में रखे गए लोगों के घर पहुंचने की सूचना पर प्रशासन ने पुलिस के साथ मिलकर लगभग पचपन व्यक्तियों को नगर में बनाए गए क्वारंटीन सेंटर स्वामी विवेकानंद इंटर कालेज में शिफ्ट किया।
कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए बाहर से आए हुए लोगों को गांवों में स्थित परिषदीय स्कूलों में चौदह दिनों तक क्वारंटीन में रहने के निर्देश दिए गए थे। एसडीएम सुनील कुमार शुक्ला व सीओ सुबोध गौतम को सूचना मिली गांवों में स्थित परिषदीय स्कूलों में बनाए गए क्वारंटीन सेंटर में दिन में तो लोग रहते हैं लेकिन रात होते ही वह स्कूलों से निकलकर अपने घरों में पहुंच जाते हैं जिससे गांवों में संक्रमण फैलने की आशंका फैल रही है जिसके बाद एसडीएम व सीओ ने कोतवाली पुुलिस के साथ गांव प्रतापपुरा, हरकौती और लौना स्थित प्राथमिक विद्यालयों में रुके पचपन लोगों को नगर में स्वामी विवेकानंद इंटर कालेज में बनाए गए क्वारंटीन सेंटर में शिफ्ट किया। साथ ही सभी को सख्त हिदायत दी कि क्वारंटीन पीरियड में कोई भी व्यक्ति बाहर निकलने का प्रयास न करें। न ही किसी से मिले जुले। उनके भोजन पानी की व्यवस्था प्रशासन करेगा। यदि कोई बाहर निकलने का प्रयास करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।







Leave a comment