कोंच। संपूर्ण लॉक डाउन की स्थिति में शासन के निर्देश पर जिलाधिकारी डॉ. मन्नान अख्तर ने दूध, फल, सब्जी और किराना जैसी जरूरत की चीजों की दुकानें खोलने की छूट दी हुई है लेकिन इस छूट का लाभ उठा कर गैर जरूरी चीजों की दुकानें भी खुलने से बाजारों में अफरा तफरी का माहौल है और छूट के घंटों में उमडऩे बाली भीड़ सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाने में लगी है। इस दौरान लोग एहतियात के तौर पर मास्क भी नहीं पहने होते हैं जिससे कारोना वायरस की चेन तोडऩे की मंशा को पलीता लग रहा है। एसडीएम अशोक कुमार ने 26 मार्च को सब्जी मंडी पूरी तरह बंद किए जाने व सुबह 6 से सुबह 10 बजे तक मोहल्लेवार हाथठेला द्वारा फल एवं सब्जी बेचेे जाने के सख्त निर्देश दिए थे लेकिन बाद में सुबह 8 से दोपहर 12 बजे तक फल, सब्जी, किराना, दूध जैसी जरूरी चीजों की दुकाने खोलने और सोशल डिस्टेंसिंग अपनाते हुए सामग्री बेचे जाने की छूट मिल गई और इस छूट का लाभ गैर जरूरी वस्तुओं के दुकान भी बखूबी उठा रहे हैं। कंफेक्शनरी, जूते चप्पल, लोहा आदि की दुकानें भी बेरोकटोक खोली जा रहीं हैं। संक्रमण से बचे रहने के सुझाए गए उपायों की भी खुलेआम अवहेलना देखी जा रही है जिससे लॉक डाउन की अवधारणा प्रभावित हो रही है और लोग इस बात को लेकर डरे सहमे हैं कि कहीं यह लापरवाही किसी अनहोनी की बजह न बन जाए।

Leave a comment