कालपी। कोरोना जैसे खतरनाक वायरस से अपनी जान जोखिम में डालकर लड़ाई लड़ रहे सफाई कर्मियों को उपजिलाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, नगर पालिका परिषद के अधिशाषी अधिकारी तथा चेयरमैन प्रतिनिधि व सभासदगणों की मौजूदगी में सम्मानित किया गया।
उपजिलाधिकारी कौशल कुमार ने नगर पालिका परिषद कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में कहा कि आज पूरा विश्व कोरोना वायरस से पीडि़त है। एेसी स्थिति में कालपी नगर पालिका परिषद कालपी के सफाई कर्मी जिस मेहनत से कोरोना जैसे युद्ध की लड़ाई अपनी जान की परवाह न करते हुए कर रहे हैं इसके लिए वह सम्मान के पात्र हैं। वहीं पुलिस उपाधीक्षक राहुल पांडेय ने कहा कि कोरोना जैसे युद्ध की लड़ाई डाक्टर व सफाई कर्मी लड़ रहे हैं तथा अपनी जान की परवाह न करते हुए पूरी मेहनत और ईमानदारी से इस जंग को जीतने के लिए सरकार के साथ मिलकर लड़ रहे हैं। वहीं अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका परिषद कालपी सुशील कुमार दोहरे ने कहा कि सभी सफाई कर्मचारी जैकेट, हैलमेट, मास्क व ग्लब्स पहनकर सफाई का कार्य बिना किसी भेदभाव के करें। वहीं चेयरमैन प्रतिनिधि जगजीवन अहिरवार ने कहा कि डाक्टर, सफाई कर्मी व पुलिस कर्मी ही सही तरीके से इसकी लड़ाई लड़ रहे हैं। इनका जितना भी अभिनंदन किया जाए कम है। इससे पूर्व सभी सफाई कर्मियों का माला पहनाकर अभिनंदन किया गया तथा सभासद दिलीप पाठक द्वारा सभी को चाकलेट वितरित की गई। इस दौरान आरआई रामभवन सिंह, दिलीप पाठक सभासद, हरभूषण सिंह चौहान, शिशुपाल सिंह, सरफराज, एजाज, अशोक बाल्मीकि, कैलाश सफाई नायक, संजीव, इमरान, न्याज उल्ला, गुरुचरन, गब्बदे वाल्मीकि आदि बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

Leave a comment