माधौगढ़। कोटेदार से लेकर प्रधान तक भ्रष्टाचार में डूबे नजर आ रहे हैं जिसके कारण आजिज आकर ग्रामीण उनकी शिकायतें करते हैं लेकिन फिर भी भ्रष्टाचार पर अंकुश नहीं लग पा रहा है।ग्राम कुठौंदा में रामतीरथ पुत्र पुरुषोत्तम ने कई ग्रामीणों के साथ कोटेदार सुरेश चंद्र पाठक पर आरोप लगाया कि वह राशन कम देते हैं और पैसे ज्यादा लेते हैं। अंगूठा लगवाने के बाद परेशान करना उनका बहाना बन चुका है। घटतौली करना आम बात हो चुकी है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि उनकी धांधली बढ़ती ही जा रही है। वहीं पिचौरा प्रधान पर सुरेंद्र कुमार पुत्र रामस्वरूप ने आरोप लगाते हुए एसडीएम सहित आलाधिकारियों को शिकायत की कि वह अपने परिजनों और चहेतों को खाद के गड्ढे, गूल और तालाब की जगह पर मकान बनवा रहे हैं। गाटा संख्या 94,95,98 व 137 खाद के गड्ढे, तालाब और गूल है। फिर भी प्रधान स्वयं व अपने चाचा रमई, कढ़ोरे और अन्य परिजनों के मकान बनवा रहे हैं। एसडीएम ने ग्रामीणों को जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

Leave a comment