कालपी। लाक डाउन के दौरान व्यापारियों को भारी नुकसान हुआ है। उनके व्यापार में उत्पन्न समस्याओं को लेकर प्रदेश सरकार को लेकर बारह सूत्रीय मांग पत्र भेजा गया है और सरकार से उन मांगों का समाधान करने का आग्रह किया है। उक्त बात उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रदेश अध्यक्ष बनवारी लाल कंछल पूर्व सांसद ने कानपुर से उरई जाते समय व्यापार मंडल कालपी के नगर अध्यक्ष दिनेश चौधरी के आवास पर पत्रकारों से मुखातिब होते हुए कही।
पूर्व सांसद बनवारी लाल कंछल ने प्रदेश सरकार को दिए गए मांग पत्र में कहा है कि जीएसटी रिटर्न देर से जमा करने पर पेनाल्टी, ब्याज व जुर्माना माफ किया जाए। लाक डाउन के समय का बिजली का बिल पूरी तरह माफ किया जाए क्योंकि जब दुकानें बंद रही और बिजली का उपयोग नहीं किया गया तब बिजली बिल देने का कोई औचित्य ही नहीं है। व्यापारियों द्वारा ली गई सीसी लिमिट का तीन माह का ब्याज माफ किया जाए। नगर निगम, नगर पालिका व नगर पंचायतों का किराया निरस्त किया जाए और हाउस टैक्स माफ किया जाए। पुलिस द्वारा छोटी छोटी गलतियों पर व्यापारियों पर लिखाई गई एफआईआर पर फाइनल रिपोर्ट लगाई जाए। डीजल पेट्रोल में बढ़ाई गई कीमतें वापस ली जाएं। सभी बाजारों को पूरी तरह खोलने के निर्देश दिए जाएं। नवीन मंडी स्थलों के अंदर कारोबार करने वाले व्यापारियों से मंडी शुल्क समाप्त किया जाए। उन्होंने चीनी सामान का बहिष्कार करने तथा मंडी के बाहर के दुकानदारों के अभी भी बहुत सी जगह मंडी सचिव जबरन लाइसेंस बना रहे हैं तथा व्यापारियों से वसूली की जा रही है। एेसे लोगों को व्यापारी खदेड़ कर भगाएं। उन्होंने कहा कि व्यापारियों को लाक डाउन के दौरान आई समस्याओं को जानने के लिए आपके बीच में आया हूं। कालपी की कमेटी बहुत सक्रिय है इसलिए दिनेश चौधरी को जिलाध्यक्ष बनाने की भी इच्छा प्रकट की जिसका व्यापारियों ने समर्थन किया। इस दौरान दिनेश चौधरी, प्रदीप गाधी, रविंद्र सिंह गपोले, सुनील पटवा आदि बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

Leave a comment