गोहन। गोहन थाना क्षेत्र के ग्राम कुरसेड़ा में संदिग्ध हालात में एक विवाहिता की आग की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतका के मायके वालों ने ससुरालियों पर उसे प्रताडि़त करने का आरोप लगाया। शुक्रवार देर शाम को गोहन थाना क्षेत्र के ग्राम कुरसेड़ा निवासी मुकेश कुमार खेत पर काम कर रहा था जबकि परिवार के बाकी लोग इधर उधर थे तभी मुकेश की पत्नी रेखा (25 वर्ष) संदिग्ध हालात में आग की चपेट में आ गई। उसकी चीखपुकार सुनकर आसपड़ोस के लोग व परिजन मौके पर पहुंचे तो उसे आग का गोला बना देखकर दहशत में आ गए। किसी तरह आग बुझाकर उसे बाहर निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया पर रास्ते में ही रेखा ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शनिवार दोपहर को पोस्टमार्टम हाउस में मृतका के मायके वालों ने ससुराल वालों पर उसे प्रताडि़त करने का आरोप लगाया। मृतका के भाई जयकरण निवासी ग्राम अतरा थाना चिकासी जिला हमीरपुर ने बताया कि रेखा को काफी समय से परेशान किया जा रहा था। फिलहाल मायकेवालों ने अभी पुलिस को किसी के खिलाफ तहरीर नहीं दी है।







Leave a comment