चार्ट प्रतियोगिता में अंतिमा ने मारी बाजी,राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम का किया गया आयोजन

जालौन। किशोर उम्र में बच्चों के शारीरिक विकास के लिए पोषक तत्वों की अधिक आवश्यकता है। खास तौर बालिकाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्हें नियमित पोषाहार दें ताकि आगे चलकर उन्हें शारीरिक परेशानियों का सामना न करना पड़े। यह बात सीएचसी प्रभारी डा. मुकेश राजपूत ने ग्राम छिरिया सलेमपुर स्थित इंटर कालेज में राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। किशोर स्वास्थ्य को लेकर आयोजित चार्ट प्रतियोगता में छात्रा अंतिमा ने बाजी मारी।ग्राम छिरिया सलेमपुर स्थित गजेंद्र सिंह इंटर कालेज में राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र छिरिया सलेमपुर एवं आरवीएस के संयुक्त तत्वावधान में गोष्ठी का आयोजन किया गया जिसमें बेटी बचाओ और बेटी पढ़ाओ योजना एवं पोषक तत्वों का प्रदर्शन किया गया। डा. रेशू मिश्रा ने किशोरियो से होने वाले सामान्य रोगों और उनसे बचाव के तरीके बताकर कहा कि किशोरियों को नियमित पोषक आहार के साथ ही आयरन की गोलियां भी दें। डा. मोहसिन खान ने शारीरिक विकास के लिए खाने में पोषण तत्वों को शामिल करने की सलाह दी। डा. देववर्धन दौंदेरिया ने मानसिक स्वास्थ्य, बाल विवाह एवं दहेज प्रथा के बारे में बच्चों को जानकारी दी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डा. मुकेश राजपूत ने कहा कि किशोर उम्र में शारीरिक विकास के लिए पोषक तत्वों की अधिक आवश्यकता होती है। इस उम्र में पोषक तत्वों की पूर्ति नहीं हो पाती है तो शारीरिक रोगों से व्यक्ति घिर जाता है। एेसी स्थिति में पोषक तत्वों को नियमित आहार में शामिल करें। अंत में विद्यालय के छात्र छात्राओं के बीच चार्ट प्रतियोगिता एवं वैकल्पिक परीक्षा का आयोजन किया गया। चार्ट प्रतियोगिता में अंतिमा ने पहला, साक्षी ने दूसरा पुरस्कार प्राप्त किया। इस मौके पर संजय प्रजापति, आमिरुद्दीन, मोहम्मद जमशेद, अमरदीप, डा. रणधीर आदि मौजूद रहे।

Leave a comment