शासन की योजनाओं का व्यापक प्रचार प्रसार कराएं: जिलाधिकारी नवागंतुक जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने ग्रहण किया कार्यभार

 उरई। भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2013 बैच की आईएएस अधिकारी प्रियंका निरंजन ने जनपद के जिलाधिकारी के रूप में कोषागार में जाकर विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत नवागंतुक जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने जनपद के अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया।उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शासन द्वारा जो भी योजनाएं संचालित की जा रही हैं उनका व्यापक प्रचार प्रसार कराएं जिससे लाभार्थियों को इन योजनाओं का लाभ प्राप्त हो सके। उन्होंने बताया कि इसके पूर्व उन्होंने मुजफ्फरनगर में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, मिर्जापुर में मुख्य विकास अधिकारी तथा शासन में विशेष सचिव सिंचाई जल संसाधन एवं परती भूमि विकास विभाग में विशेष सचिव के पद पर कार्यरत रहते हुए अपने दायित्वों का सफलतापूर्वक निवर्हन किया। उन्होंने कहा कि आम जनता की जो भी समस्याएं आएं उन्हें गुणवत्तापूर्वक शीघ्र निस्तारित किया जाए। इस कार्य में किसी भी प्रकार की विलंबता नहीं होनी चाहिए। इसके उपरांत जिलाधिकारी द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर में विभिन्न कक्षों का निरीक्षण किया तथा संबंधित पटल सहायकों से भी जानकारी की। तदुपरांत उन्होंने प्रेस प्रतिनिधियों से वार्ता करते हुए कहा कि निष्पक्ष एवं पारदर्शी प्रशासन देना, विकास की गति को तेज करना तथा आम जनता की कठिनाइयों के निराकरण के लिए संवेदनशील प्रशासन देना तथा साथ ही शासन की योजनाओं को लागू करना हमारी प्राथमिकता होगी। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डा. अभय कुमार श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी प्रमिल कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार शुक्ला, समस्त उपजिलाधिकारी, वरिष्ठ कोषाधिकारी आशुतोष चतुर्वेदी, अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका उरई संजय कुमार सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।

Leave a comment