जालौन। नारी सशक्त थी सशक्त है और सशक्त रहेगी जरूरत है तो समाज की सोच के सुधार की। यह बात एआरटीओ सोमलता यादव ने चौरी चौरा शताब्दी वर्ष पर आनंदी बाई हर्षे बालिका इंटर कालेज द्वारा आयोजित महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम में कही।आनंदी बाई हर्षे बालिका इंटर कालेज द्वारा चौरी चौरा शताब्दी वर्ष के अवसर पर शनिवार की सुबह नगर में प्रभातफेरी निकली गई। प्रभातफेरी इलाहाबाद बैंक, एक्सिस बैंक, कोतवाली, देवनगर चौराहा, तहसील रोड होकर द्वारिकाधीश मंदिर प्रांगण में पहुंची जहां छात्राओं ने मुख्य अतिथि डीआईओएस भगवत पटेल, विशिष्ट अतिथि सोमलता यादव, एसडीएम गुलाब सिंह, सीओ विजय आनंद, चेयरमैन गिरीश गुप्ता, डा. नितिन मित्तल को सलामी देकर उनका स्वागत किया। इसी क्रम में छात्राओं द्वारा कराटे प्रदर्शन, पिरामिड प्रदर्शन, योग प्रदर्शन, लेजियम प्रदर्शन कर उपस्तिथजनों का मन मोह लिया। इसके बाद पुलवामा में शहीद जवानों के ताबूतों को लेकर बहनें जब निकलीं तो लोगों की आंखें नम हो गई। इसके अलावा छात्राओं ने प्रदर्शन के माध्यम से स्वच्छ भारत अभियान, आत्मनिर्भर भारत एवं भारतीय संस्कृति की दर्शाती हुई झांकियां प्रदर्शित की जिसकी लोगों ने सराहना की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डीआईओएस ने कहा कि आज के प्रदर्शन को देखकर लग रहा है कि लोगों की सोच में बदलाव आया है। बेटियां भी अब कम नहीं हैं। एआरटीओ ने कहा कि नारी सशक्त थी सशक्त है और सशक्त रहेगी। जरूरत है तो समाज की सोच के सुधार की और अब वह समय आ चुका है यह समझने का कि नारी से ही सृष्टि है सृष्टि से नारी नहीं। नितिन मित्तल ने कहा कि चुनर को तू ध्वज बना, रगों में उबाल आएगा, गिरी जो चुनर धरा पर तो रगों में उबाल आएगा। कार्यक्रम का संचालन अपराजिता शर्मा ने किया। प्रधानाचार्या सुनीता शर्मा ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। अंत में रामजी वेलफेयर एशोसिएशन की ओर से सभी अतिथियों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर प्रबंधक संध्या हर्षे, अध्यक्ष डा. मालती द्विवेदी, कल्पना बाजपेई, अवनींद्र, निशा महेश्वरी, वीरेंद्र बरसैया, विनय द्विवेदी, ओम विश्नोई, जयप्रकाश वर्मा, कोमेश, सुनील पाठक, धर्मेंद्र, कंचन द्विवेदी, रजनी देवी, नीरजा, रश्मि, श्वेता, सौम्या आदि मौजूद रही।








Leave a comment