उरई |  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि उनकी सरकार स्मार्ट सिटी की तरह स्मार्ट गांव बनाने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संकल्पना को साकार रूप देने  के लिए जोरदार प्रयास करेगी \ इस दिशा में ग्राम पंचायतों को प्रदेश में हाईटेक बनाने का अभियान युद्ध स्तर पर छेड दिया गया है । योगी आदित्यनाथ रविवार को जालौन जिले के डकोर ब्लाक की पंचायत ऐरी रमपुरा में पंचायती राज के राष्ट्रीय दिवस पर आयोजित किए गए कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे थे |

प्रत्येक पंचायत में होगा नियमित सचिवालय

इस दौरान उन्होंने प्रदेश की चुनिंदा ग्राम पंचायतों के हाईटेक सुसज्जतिकरण का डिजिटल लोकार्पण भी किया |   उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशा ग्राम पंचायतों को विकास की धुरी के रूप में सशक्त करने की है | प्रदेश सरकार ने इसके अनुरूप प्रत्येक ग्राम पंचायत में नियमित सचिवालय शुरू करने का खाका तैयार किया है |   उन्होंने कहा कि इसके लिए सभी पंचायतों को ऑप्टिकल फाइबर से आच्छादित किया जाएगा ताकि पंचायत सचिवालय में निर्वाध इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध हो सके | इससे ग्रामीणों को अपने सारे जरूरी प्रमाण पत्रों के लिए आवेदन और उन्हें प्राप्त करना संभव हो जाएगा |

माडल ग्राम पंचायत बनाने के टिप्स प्रधानों को दिए

उन्होंने कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में ग्रामीणों को सप्ताह में एक दिन बैठक करके  महिला सुरक्षा और सभी सरकारी योजनाओं से अवगत कराया जाना चाहिए | उन्होंने गांव के स्कूल भवनों के सुंदरीकरण ,  जल संरक्षण हेतु अमृत सरोवर और नौनिहालों को खुशनुमा सुविधाओ की व्यवस्था आदि के बारे में माडल ग्राम पंचायत बनाने को ले कर  टिप्स दिए |   इसके पहले योगी ने पंडित दीन दयाल उपाध्याय  जिला पंचायत सशक्तिकरण सम्मान से जिले की जिला पंचायत को अलंकृत किया | ऐरी रमपुरा के युवा प्रधान ओंकार पाल को बाल मित्र ग्राम पंचायत सम्मान व कुठौंद ब्लाकके  कुरेपुरा कनार के प्रधान शिवदास गुप्ता को पंडित दीन दयाल उपाध्याय  ग्राम पंचायत सशक्तिकरण सम्मान से नवाजा ।

ऐरी रमपुरा का स्कूल हाई स्कूल दर्जे का होगा

 इस अवसर पर ऐरी रमपुरा के प्रधान ओंकार पाल की मांग पर उन्होंने गांव के जूनियर हाई स्कूल को अपग्रेड करके हाई स्कूल की मान्यता देने की घोषणा की कहा कि गांव में स्वास्थ्य व चिकित्सा की व्यवस्था के लिए प्रारंभिक तौर पर हेल्थ पोस्ट स्थापित की जाएगी | जिसे बाद में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप  में तैयार  किया जाएगा | कार्यक्रम में प्रदेश के पंचायती राज मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह,  केंद्रीय राज्य मंत्री भानु प्रताप वर्मा,  जिले के सभी विधायक, एम् एल सी रमा निरंजन  और जिला पंचायत अध्यक्ष मौजूद रहे |

Leave a comment