उरई। डिफेंस कोरिडोर से जिले के छिटके होने के कारण जनपदवासियों को भले ही निराशा हो रही हो लेकिन देश के आर्मी नक्शे पर नाम अंकित कराने का गौरवपूर्ण अवसर जालौन जिले के हाथ लग सकता है। इस विषय में शुरू हुई सुगबुगाहट से इस बात के संकेत मिले हैं।
झांसी जिले में बन रहे डिफेंस कोरिडोर में ब्रह्मोस बनाये जाने के दावे सरकार की ओर से किये जा रहे हैं। वैसे तो यह परिघटना समूचे बुन्देलखण्ड के गौरव को बढ़ाने की प्रस्तुति के बतौर पेश किया जा रहा है लेकिन जालौन जनपद के लोग इससे संतुष्ट नहीं हैं। उन्हें मलाल है कि वे देश की आर्मी के लिए योगदान करने का मौका हासिल करने से बहुत नजदीक पहुंचकर भी महरूम रह गये हैं।
सेना के लिए अलग ही जज्बात रखने वाले जनपद के लोगों के लिए अब इस तरह की मायूसी दूर करने वाली एक खबर आयी है। इसके मुताबिक आर्मी ने अपनी चांदमारी रेंज के लिए यहां जमीन तलाशने का अनुरोध जिला प्रशासन को भेजा है जिस पर गौर करते हुए महेबा ब्लाक के पाल गांव के पास जमीन चिन्हित कर सूचना आर्मी हैडक्वार्टर को भेज दी गई है।
हालांकि विदित हुआ है कि आर्मी ने कई और स्थानों पर भी इसके लिए जमीन चिन्हित कराई है। जालौन जिले के लोग अब इस बात के लिए अपनी खुश किस्मती की दुआ मांग रहे हैं कि इन सबमें आर्मी जालौन जिले की जमीन को सिलेक्ट करने में वरीयता दे। अगर ऐसा हुआ तो पाल गांव के चांदमारी क्षेत्र में स्थायी तौर पर सेना के कई जवानों का बसेरा बना रहेगा।

Leave a comment