जालौन-उरई । मोहल्ला मुरली मनोहर स्थित गोशाला में पानी की निकासी के लिए बनी नाली को ठेकेदार ने जबरन गोशाला में घुसकर बंद करा दिया । इतना ही नहीं ठेकेदार व उसका पुत्र गोशाला में रखे तसला, बाल्टी भी उठाकर ले गए। गोशाला के व्यवस्थापक सहित गोसेवकों ने कोतवाली पहुंचकर ठेकेदार के खिलाफ शिकायती पत्र दिया। वहीं मामला नगर पालिका ई ओ के संज्ञान में आने पर ईओ ने जेई को मौके पर भेजा। जिसके बाद बंद नाली को खुलवाया गया। तब कहीं जाकर मामला शांत हुआ।
नगर के मोहल्ला मुरली मनोहर में तालाब के पास श्री गोवर्धन गोशाला एवं प्राचीन मुरली मनोहर मंदिर है। गोशाला व मंदिर की देखभाल करने वाले रामजी ताम्रकार सहित महंत पीयूषजी, गोसेवक अनिल शिवहरे, राजा सिंह सेंगर गधेला, लालन ताम्रकार, मनोज गुप्त, गोपालजी पुरवार, रामजी ताम्रकार आदि गुरूवार की सुबह कोतवाली पहुंचे। जहां उन्होंने पुलिस को बताया कि वह मंदिर की देखभाल करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बुधवार की शाम ठेकेदार कसीम निवासी मुहल्ला नारोभास्कर अपने पुत्र के साथ गोशाला पहुंचे। गोशाला का दरवाजा बंद होने पर वह बाउंड्री फांदकर गोशाला में अंदर घुस आए और जबरन गोशाला में निकली लगभग 150 मीटर नाली को पत्थर व सीमेंट डालकर बंद कर दिया। जब उन्होंने रोकने का प्रयास किया तो गाली, गलौज कर मारपीट की धमकी दी। नाली को बंद करने के बाद उक्त दोनों गोशाला के पांच तसला, तीन बाल्टियां और 50 किलो सेंधा नमक की बोरी जबरन ई रिक्शा में भरकर ले गए। व्यवस्थापक सहित गोसवकों ने पुलिस से ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। वहीं, जब यह मामला नगर पालिका ई ओ सीमा तोमर के संज्ञान में पहुंचा तो उन्होंने जे ई को मौके पर भेजा। जेई ने ठेकेदार को बुलाकर बंद की गई नाली को खुलवाया। तब कही जाकर मामला शांत हुआ।






Leave a comment