जालौन-उरई । नगर के प्राइवेट चिकित्सक को मोबाइल पर एक व्यक्ति ने धमकी देते हुए 2 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। रुपये न मिलने पर गाली, गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी है। पीड़ित चिकित्सक ने मामले की तहरीर कोतवाली में दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला भवानीराम निवासी डॉ. अशोक कुमार श्रीवास्तव अपने आवासीय परिसर में ही प्राइवेट क्लीनिक चलाते हैं। शुक्रवार को अपरान्ह करीब 3 बजे वह अपने क्लीनिक पर बैठे थे। इसी दौरान उनके मोबाइल पर फोन आया। जिसमें फोन करने वाले व्यक्ति ने स्वयं को वसीम बताया और चिकित्सक के साथ गाली-गलौज करने लगा। गाली-गलौज करते हुए उसने 2 लाख रुपए की रंगदारी मांगी। धमकी देते हुए उसने कहा कि रुपये उसके बताए हुए स्थान पर भेज देना। यदि शिकायत की तो वह उसे क्लीनिक पर ही मार देगा। चिकित्सक ने बताया कि जिस नंबर से फोन आया है कि वह आरोपी अपनी डीपी पर पुलिस अधिकारी की ड्रेस में फोटो लगाए हुए है, जिसमें खान बाबा लिखा हुआ है। रंगदारी मांगे जाने और जान से मारने की धमकी मिलने पर परेशान चिकित्सक ने कोतवाली में तहरीर देकर जान माल की सुरक्षा की मांग की है।

Leave a comment