कार्तिक मेले पर पचनद में हजारों लोगों ने किया पुण्य स्नान


उरई। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी रामपुरा थाना क्षेत्र के कंजौसा में विशाल मेला आयोजित किया गया। आसपास मध्य प्रदेश, इटावा, औरेया आदि जनपदों से और जालौन जनपद के सुदूर क्षेत्रों से आये श्रृद्धालुओं ने तड़के पचनद में पुण्य स्नान किया। बाबा साहब मंदिर में दिन भर दर्शनार्थियों का तांता लगा रहा। मेले की सुरक्षा और दर्शनों को व्यवस्थित करने के लिए भारी पुलिस बल का इंतजाम किया गया था।
पचनद पर कार्तिक पूर्णिमा से प्रतिवर्ष विशाल मेले का आयोजन होता है। यह परंपरा सदियों से चली आ रही है। पचनद मेले की जलेबियां ग्रामीण आगंतुकों में विशेष लोकप्रिय रही हैं। इसके अलावा मिठाइयों की दुकाने, गृहस्थी के सामान की दुकानें, श्रृंगार की दुकाने खूब सजती हैं। बच्चों के खिलौने के दुकानों पर भी भीड़ उमड़ी रहती है। अब पचनद मेले के बाजार में आधुनिकता का पुट का भी शामिल हो गया है। मेले की व्यवस्था क्षेत्र के लोगों की प्रबंध समिति के हाथ में रहती है। दर्शनार्थी इस दौरान बाबा साहब मंदिर के आसपास सतियों की मठियों पर भी श्रृद्धांजलि अर्पित करने के लिए उमड़ते हैं।
पचनद मेले में बकरियों और भदावर भैसों का बाजार भी आकर्षण का केन्द्र रहता है। आसपास के जिलों को जोड़ने के लिए कंजौसा और जुहीखा के पुलों के निर्माण व वर्तमान सरकार द्वारा कराये गये पचनदा के सौंदर्यीकरण से इस बार मेले की रौनक में और इजाफा हुआ है। 

Leave a comment