पक्के मकान हासिल करने वाले 52 लाभार्थियों को जिला पंचायत अध्यक्ष अनुरागी ने चाबियाँ सौंपी तो खुशी से चमक उठे उनके चेहरे

जालौन –उरई | ब्लॉक सभागार में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ उठाने वाले लाभार्थियों को उनके घर की चाबी सौंपी गई | साथ ही लाभार्थियों को गृहप्रवेश भी कराया गया। इस दौरान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम अनुरागी ने कहा कि जब अच्छी सरकार आती है तो सभी को सरकारी योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव के मिलता है। देश व प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पहले भी कई प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री बने लेकिन तब गरीबों को मुफ्त आवास की सुविधा नहीं मिल पाती थी। घरों में शौचालय की व्यवस्था नहीं थी। इसके कारण बीमारियां फैलती थीं। लेकिन आज इन योजनाओं का लाभ लोगों को मिल रहा है। ब्लॉक प्रमुख रामराजा निरंजन ने कहा कि हर गरीब का घर हो अपना यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है। जो प्रदेश में साकार होता दिख रहा है। इस दौरान रूरा मल्लू निवासी मूंगालाल के खाते में मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत पहली किस्त की 40 हजार रुपये की धनराशि उनके खाते ट्रांसफर की गई। 5 लाभार्थियों को उनके आवास की चाबी सौंपी गई। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 47 लाभार्थियों को गृहप्रवेश कराया गया। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख रामराजा निरंजन, सदर विधायक प्रतिनिधि संजू खत्री, बीडीओ संदीप यादव आदि मौजूद रहे।

Leave a comment