उरई। निर्माणाधीन इमारत की दूसरी मंजिल पर काम के दौरान करंट की चपेट में आकर राजमिस्त्री सड़क पर गिर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा देख वहां मौजूद अन्य मजदूरों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वही मृतक के परिजनों ने ठेकेदार के खिलाफ पुलिस को तहरीर दे दी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला उमरारखेरा निवासी बलराम (55) सोमवार की दोपहर शांति नगर स्थित राजाराम ठेकेदार के घर पर स्थित दूसरी मंजिल पर निर्माण कार्य कर रहा था। इसी दौरान वहां से गुजरी बिजली लाइन की करंट की चपेट में आ गया और दूसरी मंजिल से नीचे सड़क पर गिर गया। हादसा देख वहां मौजूद लोगों में हडकंप मच गया। आनन फानन में वह उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर पहुंचे मृतक के परिजनों ने पुलिस को बताया कि बलराम राजमिस्त्री का काम कर परिवार का भरण पोषण करते थे। दो पुत्र व दो पुत्रियां हैं। मौत से पत्नी रानी सहित अन्य परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। मृतक के परिजनों ने ठेकेदार के खिलाफ पुलिस को तहरीर दे दी है।






Leave a comment