उरई। सामूहिक विवाह में शामिल होकर वापस लौट रहे लोगों की कार अनियंत्रित होकर खंती में पलट गई। राहगीरों में हादसा देख हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार में फंसे सभी घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने एक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

कोंच थाना क्षेत्र के भेंड गांव निवासी रोहित (25) सोमवार को कार से अपने रिश्तेदारों जालौन कोतवाली क्षेत्र के चिमनदुेब निवासी नितिन (१८ ), विवेक कुमार (32), खनुआ निवासी अजय (38), खटिकान निवासी पंकज (25) और भिंड के अमायन महाराजपुरा खैराली निवासी सोनू (22) के साथ बुआ के लड़के की शादी में शामिल होने सामूहिक शादी सम्मलेन में नदीगांव गया था। देर रात घर आते समय जब उनकी कार नदीगांव थाना क्षेत्र के सदूपुरा गांव के पास पहुंची तभी अनियंत्रित होकर खंदक में पलट गई। घायलों की चीख पुकार सुन वहां से गुजर रहे राहगीरों ने पुलिस को सूचना देकर घायलों के कार से निकालकर अस्पताल पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने रोहित को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंचे मृतक के परिजनों ने पुलिस को बताया कि रोहित हैदाराबाद में रहकर प्राइवेट जाब कर परिवार का भरण पोषण करता था। पत्नी रेशमा के गर्भवती होने के कारण दो माह पहले गांव आ गया था। दो बहनों में एकलौता भाई था और छोटा था। मां की मौत हो चुकी है। मौत से पिता हरिकेश सहित अन्य परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।

Leave a comment