ऊमरी मुस्तकिल के प्रायमरी स्कूल में तीसरे दर्जे के गुम्मे से इंटरलाकिंग

जालौन-उरई । प्राथमिक विद्यालय परिसर में कराए जा रहे इंटरलॉकिंग निर्माण के कार्य में मानकों की अनदेखी किए जाने की शिकायत ग्रामीणों ने एसडीएम को शिकायती पत्र देकर की है। ग्रामीणों ने निर्माण की जांच तकनीकी समिति से कराकर निर्माण गुणवत्तापूर्ण तरीके से किए जाने की मांग की है। 

तहसील क्षेत्र के ग्राम ऊमरी मुस्तकिल निवासी पुष्पेंद्र कुमार, अवनीश कुमार आदि ने एसडीएम सना अख्तर को शिकायती पत्र सौंपकर बताया कि उनके गांव में प्राथमिक विद्यालय स्थित है। प्राथमिक विद्यालय में गांव के बच्चे पढ़ने के लिए जाते हैं। बारिश के मौसम में विद्यालय परिसर में पानी भरने के कारण बच्चों का पहुंचना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में विद्यालय परिसर में इंटरलॉकिंग का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। लेकिन निर्माण कार्य में ठेकेदार मानकों की अनदेखी कर रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में कीचड़ मिश्रित डस्ट का प्रयोग किया जा रहा है। जिससे गुणवत्ता पर असर पड़ रहा है। जो ईंटा का प्रयोग किया जा रहा है वह भी तीसरे नंबर की है। बालू के साथ रेत का मिश्रण और सीमेंट का अनुपात भी सही नहीं है। ग्रामीणों ने बताया कि इस संदर्भ में जब उन्होंने ठेकेदार से बात की तो वह कुछ भी सुनने को तैयार नहीं है। ग्रामीणों का आरोप है कि इसकी शिकायत उन्होंने बीडीओ कुठौंद से भी की है लेकिन उन्होंने शिकायत का कोई संज्ञान में  नहीं लिया । ग्रामीणों ने एसडीएम से निर्माण कार्य की जांच तकनीकी समिति से कराने एवं निर्माण को गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराने की मांग की है।

Leave a comment