13 दिन  से लापता वृद्ध का शव नाले में मिला , गिर कर डूब जाने का अनुमान

जालौन-उरई । 13 दिन से लापता वृद्ध का शव बरामद हुआ है | अंदाजा लगाया जा रहा है कि नाले में गिराने से डूब कर  उनकी मौत हो गयी होगी |

कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लहचूरा निवासी जमुनादास (68) पुत्र अजुद्धी प्रसाद बीती 9 नवंबर को कसबे के एक  गेस्ट में आयोजित शादी समारोह में आए थे। शादी समारोह में शामिल होकर वह वापस घर नहीं लौटे। सुबह तक जब उनका अता पता नही चला  तो उनकी तलाश शुरू की गई। लेकिन कहीं पता नहीं चला। जिसके बाद पत्नी हीरा देवी ने कोतवाली में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बुधवार की सुबह कोंच रोड के आगे जब लोग टहलने के लिए निकले तो उन्हें छैपुला के पहले नाले में वृद्ध का शव दिखाई दिया। जिसके बाद लोगों ने शव मिलने की सूचना कोतवाली में दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने वृद्ध का शव नाले से बाहर निकलवाया। शव को देखकर लग रहा था कि वृद्ध नाले में गिरकर कीचड़ में फंस गए होंगे और वह बाहर नहीं निकल सके। जिसके चलते उनकी मृत्यु हो गई। शव के शरीर पर चोट आदि के निशान भी नहीं थे। गुमशुदगी के आधार पर पुलिस ने वृद्ध के परिजनों को बुलाकर शव की पहचान कराई। मृतक की पत्नी ने शव की पहचान की। जिसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। उक्त संदर्भ में कोतवाल कुलदीप तिवारी ने बताया कि मृतक की पत्नी ने बताया है कि उनकी याददाश्त कमजोर थी। फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a comment