जालौन-जालौन । शादी के कार्ड बांटकर आ रहे युवक की बाइक खड़ी बस में पीछे से टकराई । हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हुई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
उरई कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नया रामनगर निवासी मनसुख (30) पुत्र धर्मेंद्र सिंह की रिश्तेदारी में 11 दिसंबर को शादी समारोह था। शादी समारोह के कार्ड बांटने के लिए वह माधौगढ़ गए थे। माधौगढ़ से शनिवार की दोपहर करीब 1 बजे तक वह जालौन पहुंचे। देवनगर चौराहे से कुछ आगे जाने पर वह अपनी बाइक से संतुलन खो बैठे। बंबा के आगे उनकी बाइक अनियंत्रित होकर आगे खड़ी बस में पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक की परखच्चे उड़ गए। वहीं बाइक चला रहे मनसुख बाइक से उछलकर जा गिरे। सिर में चोट आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मौके पर मौजूद लोगों ने कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को हादसे की जानकारी देकर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।







Leave a comment