जालौन-उरई । जीएसटी टीम के निरीक्षण को लेकर नगर में अफवाहों का दौर जारी है। पिछले 4 दिनों से व्यापारी दुकानें खोलने को लेकर परेशान रहते हैं। सुबह व्यापारी दुकान पर आते हैं और टीम के आने की बात सुनकर दुकानें बंद कर देते हैं। सहालग के समय उहापोह की स्थिति बनी रहने से व्यापारी परेशान हैं।
जीएसटी की चोरी रोकने और राजस्व वृद्धि के लिए जीएसटी की चोरी करने वाले व्यापारियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। प्रदेश भर में चलाए जा रहे अभियान को लेकर व्यापारियों में संशय की स्थिति बनी हुई है। शासन स्तर से जीएसटी चोरों की सूची तैयार की जा रही है। शासन से मिलने वाली सूची के आधार पर विभागीय अधिकारी छापामारी कर रहे हैं। बुधवार को व्यापार कर विभाग की टीम ने कर चोरी को लेकर अभियान की शुरुआत की थी। पहले दिन एहसान टायर वालों के यहां छापेमारी की गई थी। उनके यहां निरीक्षण के बाद टीम कागजात भी अपने साथ ले गई थी। विभाग की इस छापेमारी के बाद नगर के व्यापारियों में खौफ दिख रहा है। इसके बाद से रोज टीम के नगर में आने की खबर मिलने पर व्यापारी अपनी दुकानें बंद कर देते हैं। शनिवार को भी कुछ दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठान नहीं खोले जिन्होंने खोले भी वह पूरी तरह चौकन्ना रहे और टीम की आहट लेते रहे। शनिवार को टीम ने मंडी में व्यापारियों की जांच की। असिस्टेंट कमिश्नर व्यापार कर अजय कुमार ने व्यापारियों से अपील कि वह परेशान न हों वह अपने व्यापार से जुड़े कागज अपडेट रखें। विभाग द्वारा जांच की जा रही है जो सामान्य प्रक्रिया है।







Leave a comment