गिरथान में पेयजल संकट गहराया, ग्रामीणों ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

उरई | गिरथान में पिछले एक महीने से पेयजल आपूर्ति ठप होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार को ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सुरेंद्र पाल फौजी के नेतृत्व में सोनू सिंह, दिनेश सिंह, तेजराम श्रीवास्तव, राजेंद्र सिंह, कमलेश पाल, कृपाराम सहित कई ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल पाइपलाइन दुरुस्त करने की मांग की।ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि गांव में सैपुरा से आने वाली पाइपलाइन के जरिए पानी की आपूर्ति होती थी। कुछ समय पहले पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा सैपुरा रोड पर जेसीबी से की गई खुदाई के दौरान मुख्य पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिसके बाद से पानी की सप्लाई बंद है। जल निगम को बार-बार शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। अधिकारियों ने हर बार यह कहकर टाल दिया कि सभी गांवों की पाइपलाइन एकसाथ ठीक की जाएगी। पानी की कमी से ग्रामीणों, खासकर महिलाओं और बच्चों को दूर-दूर से पानी लाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। गंदा पानी पीने से बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि पाइपलाइन की तत्काल मरम्मत कर पेयजल आपूर्ति बहाल की जाए।

Leave a comment

Recent posts