जालौन। नगर के कोतवाली क्षेत्र में एक शादी समारोह उस समय बवाल में बदल गया, जब मामूली कहासुनी ने उग्र रूप ले लिया। मामला मोहल्ला तोपखाना स्थित शिवानी गार्डन गेस्ट हाउस और आंबेडकर स्कूल परिसर में चल रहे विवाह समारोह का है।
जानकारी के अनुसार बारात और जनात पक्ष के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें बेल्ट और डंडों का इस्तेमाल किया गया। इस दौरान कई लोग घायल हो गए और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हंगामे के दौरान कुछ लोगों ने वहां खड़ी गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचाया, जिससे वाहनों को क्षति पहुंची। देर रात तक चले इस विवाद से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की बात कही जा रही है।





Leave a comment