सीडीओ का औचक निरीक्षण: गंदगी पर भड़के, 1000 रुपये जुर्माने और सख्त कार्रवाई के निर्देश

उरई। मुख्य विकास अधिकारी कुमुदेन्द्र कलाकर सिंह ने गुरुवार को विकास भवन स्थित विभिन्न विभागीय कार्यालयों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान कई कार्यालयों और शौचालयों में गंदगी, अव्यवस्था व कबाड़ मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए।

सीडीओ ने पशुपालन विभाग और समाज कल्याण विभाग का निरीक्षण करते हुए अनावश्यक अलमारियां और कबाड़ तुरंत हटाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कर्मचारियों की संख्या के अनुरूप ही फर्नीचर रखा जाए और कार्यालय को व्यवस्थित रखा जाए।

जिला कृषि कार्यालय में गंदगी, खराब साफ-सफाई और गंदे डस्टबिन देखकर उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाई और नियमित सफाई व रंगाई-पुताई कराने के निर्देश दिए। लघु सिंचाई विभाग के निरीक्षण के दौरान शौचालय में गंदगी मिलने पर सीडीओ भड़क गए। सहायक अभियंता द्वारा बाहरी लोगों पर गंदगी फैलाने का आरोप लगाने पर उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि “कार्यालय आपकी जिम्मेदारी है, सफाई सुनिश्चित करें और गंदगी फैलाने वालों पर कार्रवाई करें।”

उन्होंने निर्देश दिए कि जो भी व्यक्ति कार्यालय परिसर में गंदगी फैलाता पाया जाए, उस पर अर्थदंड लगाया जाए। जिला ग्राम्य विकास अभिकरण (डीआरडीए) में साफ-सफाई बेहतर मिलने पर उन्होंने संतोष जताया।

सीडीओ ने जिला विकास अधिकारी को निर्देश दिया कि दीवारों पर पान-मसाला थूकने वालों से 1000 रुपये का जुर्माना वसूला जाए। साथ ही चेतावनी दी कि किसी भी कार्यालय के सामने गंदगी मिलने पर संबंधित कर्मचारी का वेतन रोका जाएगा।

निरीक्षण के दौरान डीडीओ निशांत पांडेय, अधिशासी अभियंता आरईडी शीलेंद्र राजपूत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a comment