माधौगढ़-उरई। जनपद जालौन के विकास खंड माधौगढ़ के ग्राम सिरसा दोगढ़ी में राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर अनुरागिनी संस्था द्वारा आयोजित “समृद्ध पंचायत उत्सव” ने गांव में जागरूकता और सेवा का अनूठा माहौल बना दिया।
कार्यक्रम के तहत एक ओर जहां स्वच्छ ग्राम शपथ अभियान का शुभारंभ हुआ, वहीं दूसरी ओर निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में ग्रामीणों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। शिविर में कुल 382 ग्रामीणों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लिया और आवश्यक दवाएं प्राप्त कीं।
स्वच्छता अभियान के दौरान महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए गांव को साफ-सुथरा रखने, प्लास्टिक के कम उपयोग और स्वच्छता को जीवन का हिस्सा बनाने की शपथ ली। यह दृश्य ग्रामीण जागरूकता और सहभागिता का जीवंत उदाहरण बन गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विधायक मूलचंद्र निरंजन ने कहा कि मजबूत पंचायतें ही सशक्त भारत की आधारशिला हैं। उन्होंने ग्रामीणों से स्वच्छता, स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता को अपनाने का आह्वान किया और महिलाओं की भागीदारी को ग्राम विकास की दिशा में अहम बताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह ने कहा कि स्वच्छता और स्वास्थ्य केवल सरकारी योजनाएं नहीं, बल्कि जनआंदोलन हैं। ऐसे आयोजन पंचायत स्तर पर विकास को गति देने के साथ लोगों में जागरूकता भी बढ़ाते हैं।
अनुरागिनी संस्था के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण सिंह जादौन ने पंचायतों को सशक्त बनाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि जब गांव स्तर पर स्वच्छता, स्वास्थ्य और जनभागीदारी को प्राथमिकता मिलती है, तभी वास्तविक विकास संभव होता है।
कार्यक्रम संयोजक उपेंद्र सिंह राजावत ने बताया कि इस उत्सव का उद्देश्य ग्रामीणों को स्वास्थ्य, स्वच्छता और सामाजिक सहभागिता के प्रति जागरूक करना है, जिसमें महिलाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, चिकित्सक और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। पूरे आयोजन ने यह संदेश दिया कि जब समाज और प्रशासन मिलकर कार्य करते हैं, तो गांव के विकास की राह आसान हो जाती है।







Leave a comment