जनपद जालौन के थाना कोटरा पुलिस ने ऑनलाइन आईपीएल सट्टा गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। इस कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से 5 मोबाइल फोन और 37,470 रुपये नगद बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह के अनुसार, यह कार्रवाई कोटरा के प्रभारी निरीक्षक विमलेश कुमार के नेतृत्व में की गई, जिसमें पुलिस टीम ने सक्रिय रूप से कार्य करते हुए सट्टेबाजी के संगठित नेटवर्क का भंडाफोड़ किया।
गिरफ्तार अभियुक्त ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से आईपीएल मैचों पर सट्टा लगवाने का काम कर रहे थे। पूछताछ में सामने आया कि यह गिरोह आईडी बनाकर विभिन्न वेबसाइटों के जरिए लोगों को सट्टा खेलने के लिए प्रेरित करता था और कमीशन के आधार पर अवैध कमाई कर रहा था।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। साथ ही फरार अभियुक्तों की तलाश जारी है और पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है।
इस सफल कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध सट्टेबाजी के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई का संदेश गया है।







Leave a comment