जालौन बार एसोसिएशन की नई टीम ने ली शपथ, न्यायिक समन्वय पर दिया गया जोर


उरई। कोंच रोड स्थित मधुवन विला में शुक्रवार को डिस्ट्रिक्ट जालौन बार एसोसिएशन की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह भव्य और गरिमामय माहौल में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में न्यायिक जगत और अधिवक्ता समुदाय की बड़ी भागीदारी देखने को मिली।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उच्च न्यायालय इलाहाबाद के न्यायमूर्ति तरुण सक्सेना मौजूद रहे, जबकि अध्यक्षता जनपद न्यायाधीश विरजेन्द्र कुमार सिंह ने की। इस दौरान न्यायमूर्ति सक्सेना ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

अपने उद्बोधन में उन्होंने न्याय प्रणाली को सशक्त बनाने के लिए बार और बेंच के बीच तालमेल को अत्यंत आवश्यक बताया। उन्होंने अधिवक्ताओं से आह्वान किया कि वे न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावी और सुचारू बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। साथ ही जालौन में अपने पूर्व कार्यकाल की स्मृतियों को साझा करते हुए अधिवक्ताओं के हितों की सुरक्षा और उनके पेशेवर विकास पर विशेष बल दिया।

इस अवसर पर नवनिर्वाचित अध्यक्ष ऋषि कुमार पटेल, महासचिव डॉ. साधना त्रिपाठी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष कर्मक्षेत्र अवस्थी, कोषाध्यक्ष कुमार गौरव श्रीवास्तव, कलेक्ट्रेट उपाध्यक्ष ओम नारायण सिंह निरंजन, उपाध्यक्ष संजीव तिवारी, कनिष्ठ उपाध्यक्षा अनम वर्मा, संयुक्त सचिव मुलायम सिंह यादव, प्रद्युम्न सीरौठिया, रितिक दुबे (सनी), वरिष्ठ सदस्य राजकुमार श्रीवास्तव, चौधरी जयकरण सिंह, राजकुमारी निषाद, रामशंकर वर्मा, महेश कुमार रंजन, सोबरन सिंह कुशवाहा तथा कनिष्ठ सदस्य अनुराधा गौतम, शशि कुमार सिंह, शिवम गुप्ता, प्रवीण कुमार द्विवेदी, अस्मिता रत्ना और अभिषेक वर्मा ने औपचारिक रूप से अपने पदभार ग्रहण किए।

समारोह के दौरान जिला जज, अपर जिला जज, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सहित अन्य न्यायिक अधिकारियों का बार एसोसिएशन की ओर से स्वागत एवं सम्मान किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं की उपस्थिति ने आयोजन को और भी जीवंत बना दिया।

अंत में अध्यक्ष ऋषि कुमार पटेल और महासचिव डॉ. साधना त्रिपाठी सहित पूरी कार्यकारिणी ने अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा, संगठन की गरिमा बनाए रखने और न्यायिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया।

Leave a comment