उरई। आज का दिन जनपद के किसानों के लिए गर्व और सम्मान से भरा रहा, जब कृषि ज्ञान केंद्र रूरा मल्लू में एक अनूठी पहल के तहत विकास कार्य का शुभारंभ स्वयं किसानों के हाथों कराया गया।
जिलाधिकारी राजेश पांडे के मार्गदर्शन में कृषि ज्ञान केंद्र परिसर में 35 लाख रुपये की लागत से 500 मीटर सीसी रोड निर्माण कार्य स्वीकृत किया गया। खास बात यह रही कि इस कार्य का उद्घाटन किसी जनप्रतिनिधि या अधिकारी के बजाय किसानों से ही कराया गया, जिससे कार्यक्रम एक मिसाल बन गया।
इस अवसर पर जिला किसान क्लब संघ के अध्यक्ष लक्ष्मी नारायण चतुर्वेदी एवं शिव शंकर चतुर्वेदी के अनुरोध पर यह कार्य संभव हो सका। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ की गई, जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक और उत्साहपूर्ण हो गया।
कार्यक्रम में प्रगतिशील किसान लक्ष्मी नारायण चतुर्वेदी, शिव शंकर चतुर्वेदी (कोकरगांव), रामकिशोर पुरोहित (जरा), भूपेंद्र सिंह (सालाबाद), लालू चतुर्वेदी, शकुंतला तिवारी (टारा), नयन राज तिवारी (उरई), योगाचार्य चौकसी दुबे, ओम नारायण शर्मा (हरकोटी) सहित अनेक किसान उपस्थित रहे।
साथ ही कृषि ज्ञान केंद्र से डॉ. मंजुल पांडे और डॉ. विक्टर जोशी की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस कार्य को संपादित कराने में आरईएस के अधिशासी अभियंता अनूप कुमार मिश्रा का विशेष योगदान बताया गया, जबकि विभागीय टीम द्वारा निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी किसानों ने जिलाधिकारी की इस पहल की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की सोच से ही किसानों का सम्मान और गांवों का वास्तविक विकास संभव है।







Leave a comment