जनपद में पेट्रोल, डीजल और गैस की पर्याप्त उपलब्धता, अफवाहों पर ध्यान न दें: डीएम


उरई। जनपद में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कलेक्ट्रेट सभागार में गैस डीलरों और पेट्रोल पंप संचालकों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में ईंधन और गैस की कोई कमी नहीं है, इसलिए आमजन किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।

समीक्षा के दौरान गैस आपूर्ति की स्थिति संतोषजनक पाई गई। जनपद में 10,223 घरेलू गैस सिलेंडर, 19 किलोग्राम के 767 कमर्शियल सिलेंडर और 5 किलोग्राम के 177 सिलेंडर उपलब्ध हैं। वहीं पेट्रोल पंपों पर भी पर्याप्त मात्रा में ईंधन मौजूद है, जहां 2,130 किलोलीटर डीजल और 1,276.7 किलोलीटर पेट्रोल का भंडारण सुनिश्चित किया गया है।

जिलाधिकारी ने गैस एजेंसियों को निर्देशित किया कि शादी-विवाह जैसे अवसरों पर उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और होम डिलीवरी व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।

पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि ईंधन की उपलब्धता को लेकर पारदर्शिता बनाए रखें और स्टॉक का नियमित अद्यतन करें। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की जमाखोरी या कृत्रिम कमी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे निरंतर निगरानी बनाए रखें और आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए आपसी समन्वय से कार्य करें, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संजय कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी राजीव शुक्ला सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a comment

Recent posts