उरई। जनपद में चल रही परीक्षाओं को निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान आचार्य नरेन्द्र देव इंटर कॉलेज, आर्य कन्या इंटर कॉलेज, डीएवी इंटर कॉलेज, दयानंद वैदिक महाविद्यालय, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, सनातन धर्म इंटर कॉलेज, सर्वोदय इंटर कॉलेज और गांधी इंटर कॉलेज में सीसीटीवी निगरानी, बैठने की व्यवस्था तथा सुरक्षा प्रबंधों को बारीकी से परखा गया।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग और फ्रिस्किंग अनिवार्य रूप से की जाए तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निरंतर निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने परीक्षार्थियों के लिए पेयजल, छाया और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।
परीक्षा के पहले दिन दोनों पालियों में अभ्यर्थियों की उपस्थिति संतोषजनक रही। प्रथम पाली में 3408 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 2543 उपस्थित रहे, जबकि 865 अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में 3408 में से 2583 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी और 825 अनुपस्थित रहे।
यह परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल 2026 को दो पालियों में आयोजित की जा रही है। प्रथम पाली सुबह 10:00 से 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 3:00 से शाम 5:00 बजे तक संचालित हो रही है। जनपद में कुल 9 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ करें, ताकि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।







Leave a comment