सीएमओ कार्यालय भवन निर्माण में तेजी लाने के निर्देश, डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण


उरई। जनपद मुख्यालय पर निर्माणाधीन मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं अधीनस्थ कार्यालय भवन परियोजना का जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने स्थलीय निरीक्षण कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य में तेजी और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था सी एंड डीएस, उत्तर प्रदेश जल निगम, झांसी को स्पष्ट निर्देश दिए कि लगभग 391.77 लाख रुपये की लागत से संचालित इस परियोजना को हर हाल में 30 जून 2026 तक पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप ही किया जाए और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए।

जिलाधिकारी ने फिनिशिंग कार्यों को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि अंतिम चरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर प्रगति की निगरानी सुनिश्चित करने को भी कहा।

निरीक्षण के दौरान कुछ तकनीकी कमियां सामने आने पर जिलाधिकारी ने तत्काल सुधार के निर्देश दिए। मुख्य गेट के ऊपर बना छज्जा स्वीकृत नक्शे के अनुरूप न पाए जाने पर उसे तोड़कर पुनः मानक के अनुसार निर्माण कराने को कहा गया। वहीं भवन के बाईं ओर प्रस्तावित गैरेज को अनुपयुक्त बताते हुए उसे अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि यह परियोजना जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए कार्य में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि निर्माण कार्य की सतत मॉनिटरिंग कर इसे तय समय सीमा में पूर्ण कराया जाए, ताकि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं समय पर उपलब्ध हो सकें।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी बीरेंद्र सिंह, डीसी मनरेगा रामेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a comment

Recent posts