मिट्टी जांच के आधार पर उर्वरक प्रयोग से बढ़ेगी पैदावार, किसान क्लब शालाबाद में जागरूकता कार्यक्रम


उरई। किसान क्लब शालाबाद में किसानों को उर्वरकों के समुचित उपयोग के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कृषि ज्ञान केंद्र रूरा मल्लू के अध्यक्ष डॉ. मोहम्मद मुस्तफा अहमद, डॉ. मंजुल पांडे, डॉ. विक्टर जोशी और डॉ. राजकुमारी ने किसानों को वैज्ञानिक खेती के गुर बताए।

विशेषज्ञों ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि उर्वरकों का प्रयोग बिना मिट्टी परीक्षण के नहीं करना चाहिए। उन्होंने बताया कि भूमि की जांच के आधार पर संतुलित उर्वरक प्रयोग करने से न केवल फसल की पैदावार बढ़ती है, बल्कि लागत भी नियंत्रित रहती है।

कृषि वैज्ञानिकों ने ढैंचा, सनई एवं मूंग जैसी फसलों को हरी खाद के रूप में उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि इन फसलों के प्रयोग से मिट्टी की उर्वरता बढ़ती है और रासायनिक खाद पर निर्भरता कम होती है, जिससे किसानों को आर्थिक लाभ मिलता है।

कार्यक्रम में क्षेत्र के कई प्रगतिशील किसान मौजूद रहे, जिनमें राघवेंद्र नगाईच, रामकिशोर पुरोहित (जरा), ललिया महाराज, भूपेंद्र सिंह (शालाबाद) और महेंद्र सिंह यादव (जालौन) प्रमुख रहे।

लगभग 50 किसानों की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम ने किसानों को आधुनिक और वैज्ञानिक खेती की दिशा में प्रेरित किया।

Leave a comment