इकलासपुरा चौराहे पर सघन चेकिंग: अवैध सवारी ढोने वाली कार सीज, नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई


उरई। जनपद में कानून-व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से इकलासपुरा चौराहा क्षेत्र में शुक्रवार को विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान यातायात प्रभारी (टीएसआई) वीर बहादुर सिंह के नेतृत्व में संचालित हुआ, जिसमें नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की गई।

चेकिंग के दौरान एक प्राइवेट कार को रोका गया, जिसमें अवैध रूप से सवारी बुक कर कानपुर ले जाया जा रहा था। जांच में पुष्टि होने पर वाहन को मोटर वाहन अधिनियम के तहत तत्काल सीज कर दिया गया और वैधानिक कार्रवाई की गई।

इसके अलावा एक ब्लैक फिल्म लगी कार पर भी कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कई अन्य वाहनों की भी जांच की गई, जिसमें नियमों के उल्लंघन पर चालान काटे गए।

यातायात टीम ने विशेष रूप से पटाखा साइलेंसर (तेज विस्फोटक ध्वनि करने वाले) लगी बुलेट मोटरसाइकिलों के खिलाफ भी कार्रवाई की। ऐसे वाहनों के चालान किए गए और कुछ मामलों में वाहन जब्त भी किए गए। साथ ही फॉल्टी, अस्पष्ट या नियमों के विपरीत नंबर प्लेट लगाने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध भी सख्त कदम उठाए गए।

यातायात प्रभारी वीर बहादुर सिंह ने बताया कि टीम दिन-रात, हर मौसम में आमजन की सुरक्षा के लिए तत्पर रहती है। उन्होंने कहा कि यह अभियान सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, शांति व्यवस्था बनाए रखने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से चलाया गया है।

उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई कि वे हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग करें, नशे में वाहन न चलाएं और तेज गति से बचें।

“आपकी सुरक्षा, हमारा संकल्प” के संदेश के साथ पुलिस ने लोगों से जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।

Leave a comment