अत्याचार के विरोध में कुशवाहा महासभा का ऐलान, 29 अप्रैल को मल्लावां में गांधीवादी प्रदर्शन


लखनऊ। अखिल भारतीय कुशवाहा महासभा, उत्तर प्रदेश के पदाधिकारियों ने प्रेस वार्ता कर प्रदेश में अति पिछड़े वर्गों पर हो रहे कथित अत्याचारों को लेकर नाराजगी जताई और विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया।

महासभा के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र कुशवाहा, उपाध्यक्ष ब्रिज मौर्य और प्रदेश सांस्कृतिक सचिव कमलेश कुमार मौर्य ने कहा कि मौर्य, कुशवाहा, शाक्य और सैनी समाज के लोगों के खिलाफ घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने मल्लावां के शिल्पी कुशवाहा हत्याकांड और गाजीपुर की घटना का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में अति पिछड़े समाज के साथ अन्याय और उत्पीड़न की घटनाएं बढ़ रही हैं।

पदाधिकारियों ने बताया कि इन घटनाओं के विरोध में अखिल भारतीय कुशवाहा महासभा के नेतृत्व में 29 अप्रैल 2026 को मल्लावां में प्रस्तावित एक्सप्रेस-वे उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान गांधीवादी तरीके से विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र कुशवाहा ने कहा कि महासभा समाज के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रही है और आगे भी यह संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने सरकार से मांग की कि ऐसी घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई कर पीड़ितों को न्याय दिलाया जाए।

Leave a comment