महेबा-उरई। अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण तोगड़िया का बुधवार को विकासखंड महेवा के ग्राम दमरास पहुंचना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा। भीषण गर्मी के बीच उनका काफिला दोपहर करीब डेढ़ बजे अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के जिला मंत्री रामजी दीक्षित के आवास पहुंचा, जहां उन्होंने कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर लंबी मंत्रणा की।
करीब ढाई घंटे तक चले प्रवास के दौरान डॉ. तोगड़िया ने कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की और विश्राम भी किया। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने हिंदू राष्ट्र की अवधारणा पर कहा कि “सभी को शिक्षा, स्वास्थ्य और भूखे को भोजन मिलना ही हिंदू राष्ट्र है।”
जब उनसे पूछा गया कि क्या वे फिर से हिंदू हितों के लिए सक्रिय अभियान शुरू करने जा रहे हैं, तो उन्होंने कहा कि वे केवल कार्यकर्ताओं से शिष्टाचार भेंट करने आए हैं। हालांकि उनके इस दौरे और लगातार संपर्क कार्यक्रमों को लेकर क्षेत्र में यह चर्चा तेज रही कि वे एक बार फिर हिंदू हितों के मुद्दों को लेकर सक्रिय भूमिका में दिखाई दे सकते हैं।
दमरास से निकलने के बाद उनका काफिला चुर्खी की ओर रवाना हुआ। रास्ते में रानिया वैद्यपुर में उन्होंने जितेंद्र बनाकर के यहां भी शिष्टाचार भेंट की।
इस दौरान जिला अध्यक्ष राकेश पाल, जिला उपाध्यक्ष मुकेश चौहान सहित संगठन के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। सुरक्षा की दृष्टि से उनके साथ बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी भी तैनात रहे।







Leave a comment