एसपी विनय कुमार सिंह ने किया अंडर-19 इंटर डिस्ट्रिक्ट ट्रायल मैच का शुभारंभ


उरई, 28 अप्रैल। जिला क्रिकेट एसोसिएशन (डीसीए) जालौन ज़ोन द्वारा आयोजित अंडर-19 इंटर डिस्ट्रिक्ट ट्रायल मैच का शुभारंभ सोमवार को पुलिस लाइन ग्राउंड में हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया और उन्हें उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर डीसीए के संरक्षक के रूप में मौजूद पुलिस अधीक्षक ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना और अनुशासन के महत्व पर जोर दिया। डीसीए के संस्थापक श्यामबाबू ने भी खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

डीसीए सचिव विकास कुमार शर्मा ने बताया कि अंडर-19 इंटर डिस्ट्रिक्ट ट्रायल मैच 28 अप्रैल से 1 मई तक आयोजित किए जाएंगे। खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर चयन कर उन्हें आगामी जोनल ट्रायल में भाग लेने का अवसर दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य क्षेत्रीय स्तर की प्रतिभाओं को पहचान कर उन्हें आगे बढ़ने का मंच उपलब्ध कराना है। इसके बाद अंडर-16 इंटर डिस्ट्रिक्ट ट्रायल मैच 2 मई से 5 मई तक आयोजित किए जाएंगे।

ट्रायल मैच यूपीसीए द्वारा नियुक्त ऑब्जर्वर, अंपायर और स्कोरर की निगरानी में कराए जा रहे हैं, जिससे चयन प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष बनी रहे।

प्रतियोगिता में जालौन ज़ोन के अंतर्गत आने वाले जालौन, इटावा, औरैया एवं हमीरपुर जनपदों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। खिलाड़ियों में ट्रायल को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।

इस मौके पर सचिन पाटनकर, अनिल कुमार, कमल सैनी, प्रशांत श्रीवास्तव, आदित्य कुमार, राजकुमार, ओमवीर सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a comment