उरई। जनपद के विकासखंड जालौन के ग्राम पहाड़पुरा में आयोजित जन चौपाल कार्यक्रम जनभागीदारी और प्रशासनिक संवाद का प्रभावी मंच बन गया। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा नियुक्त नोडल अधिकारी एवं सचिव कृषि विभाग इन्द्र विक्रम सिंह ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी और उनके क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति का फीडबैक लिया।
नोडल अधिकारी ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का लाभ पारदर्शिता के साथ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने मौके पर ही स्थलीय सत्यापन कर लाभार्थियों से संवाद किया और योजनाओं के प्रभाव का आकलन किया।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया तथा गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कर पौष्टिक आहार वितरित किया। इस दौरान मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को लेकर सरकार की प्राथमिकताओं पर भी जोर दिया गया।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए इन्द्र विक्रम सिंह ने कन्या सुमंगला योजना, जननी सुरक्षा योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना और आयुष्मान भारत योजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकार जन्म से लेकर बुजुर्ग अवस्था तक नागरिकों के समग्र कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है।
किसानों के हितों का उल्लेख करते हुए उन्होंने फार्मर रजिस्ट्री को आवश्यक बताते हुए किसानों से तत्काल पंजीकरण कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि गेहूं खरीद, खाद वितरण और अन्य कृषि योजनाओं का लाभ सीधे किसानों तक पहुंचाने के लिए यह प्रक्रिया जरूरी है।
जल संरक्षण पर जोर देते हुए उन्होंने किसानों को कम पानी वाली फसलों की खेती अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि कम वर्षा की संभावना को देखते हुए जल बचत आधारित खेती समय की आवश्यकता है।
जन चौपाल के दौरान ग्रामवासी बालमुकुंद द्वारा कृषि फीडर पर कम बिजली आपूर्ति की शिकायत की गई, जिस पर नोडल अधिकारी ने तत्काल जांच के निर्देश दिए। जांच में निर्धारित 10 घंटे विद्युत आपूर्ति नियमित पाए जाने पर शिकायत निराधार निकली।
उन्होंने ग्रामवासियों से पंचायत विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से गांवों का समग्र विकास संभव है।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, उप जिलाधिकारी हेमंत पटेल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बीरेंद्र सिंह, डीसी मनरेगा रामेंद्र सिंह, परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी, जिला विकास अधिकारी निशांत पांडेय, खंड विकास अधिकारी प्रशांत कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।






Leave a comment