उरई। जिला क्रिकेट एसोसिएशन (डीसीए) जालौन ज़ोन द्वारा आयोजित अंडर-19 इंटर डिस्ट्रिक्ट सिलेक्शन मैच में औरैया की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हमीरपुर को 78 रन से शिकस्त दी। मुकाबला पुलिस लाइन ग्राउंड उरई में खेला गया।
मैच का शुभारंभ डीसीए के उपाध्यक्ष सुरेश निरंजन ‘भइया जी’ ने दोनों टीमों से परिचय प्राप्त कर किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए बेहतर खेल भावना के साथ प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए औरैया की टीम ने निर्धारित 45 ओवर में 8 विकेट खोकर 237 रन बनाए। टीम की ओर से सक्षम यादव ने 53 रन और आकाश ने 64 रन की शानदार पारी खेली। इसके अलावा अन्य बल्लेबाजों ने भी उपयोगी योगदान दिया। टीम को अतिरिक्त के रूप में 17 रन मिले।
238 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हमीरपुर की टीम 34 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 159 रन ही बना सकी। हमीरपुर की ओर से प्रांजल देव ने 44 रन और सिद्धार्थ निषाद ने 33 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं कर सके।
औरैया के गेंदबाजों ने अनुशासित गेंदबाजी करते हुए नियमित अंतराल पर विकेट चटकाए और हमीरपुर की टीम पर लगातार दबाव बनाए रखा। परिणामस्वरूप औरैया ने यह मुकाबला 78 रन से अपने नाम कर लिया।
मैच में मैन ऑफ द मैच पुरस्कार घोषित नहीं किया गया। मुकाबले के दौरान सौरभ दुबे मैच रेफरी/ऑब्जर्वर के रूप में मौजूद रहे। अंपायरिंग की जिम्मेदारी हरेन्द्र शर्मा एवं देवेश शर्मा ने निभाई, जबकि स्कोरिंग का कार्य अपूर्व यादव द्वारा किया गया।
इस अवसर पर सचिन पाटनकर, अनिल कुमार, कमल सैनी, प्रशांत श्रीवास्तव, राजकुमार, ओमवीर, सागर, आदर्श, आशीष सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।






Leave a comment